सुखी जीवन का मसीही रहस्य
परमेश्वर के रथ

अध्याय 20 · 23 मिनट का पठन · 30 मिनट का श्रवण

परमेश्वर के रथ

“परमेश्वर के रथ बीस हजार, वरन् हजारों हजार हैं; प्रभु उनके बीच में है, जैसे वह सीनै पवित्रस्थान में है। (भजन संहिता 68:17।)

रथ यात्रा करने और आगे बढ़ने के लिये होते हैं। पृथ्वी के रथ सारी बाधाओं को पार करते हुए अपने सवारों को उनकी मंजिल तक पहुँचाते हैं। परमेश्वर के रथ अपने सवार प्राणों को ले चलते हैं। कोई भी शब्द उन महिमामय स्थानों का वर्णन नहीं कर सकते जहाँ वह प्राण पहुँचेगा जो परमेश्वर के रथों में यात्रा करता है। और हमारा पद हमें बताता है कि वे “हजारों हजार” हैं। हमारे चारों ओर, हर तरफ, वे हमारी प्रतीक्षा में खड़े हैं; परन्तु हम, खेद की बात है, हम उन्हें सदा देख नहीं पाते। पृथ्वी के रथ सदा दिखाई देते हैं, परन्तु परमेश्वर के रथ अदृश्य हैं।

“तब उसने वहाँ घोड़ों और रथों समेत एक भारी दल भेजा, और उन्होंने रात को आकर नगर को घेर लिया।

भोर को परमेश्वर के भक्त का टहलुआ उठा और निकलकर क्या देखता है कि घोड़ों और रथों समेत एक दल नगर को घेरे हुए पड़ा है। तब उसके सेवक ने उससे कहा, “हाय! मेरे स्वामी, हम क्या करें?

उसने कहा, “मत डर; क्योंकि जो हमारी ओर हैं, वह उनसे अधिक हैं, जो उनकी ओर हैं। “तब एलीशा ने यह प्रार्थना की, “हे यहोवा, इसकी आँखें खोल दे कि यह देख सके।” तब यहोवा ने सेवक की आँखें खोल दीं, और जब वह देख सका, तब क्या देखा, कि एलीशा के चारों ओर का पहाड़ अग्निमय घोड़ों और रथों से भरा हुआ है।” (2 राजाओं 6:14 -17) यही वह प्रार्थना है जो हमें अपने लिये और एक दूसरे के लिये करनी चाहिए, “हे प्रभु, हमारी आँखें खोल दे कि हम देख सकें।” क्योंकि हमारे चारों ओर का संसार परमेश्वर के घोड़ों और रथों से भरा हुआ है, जो हमें महिमामय विजय के स्थानों तक ले जाने की प्रतीक्षा में हैं। परन्तु वे रथों जैसे दिखाई नहीं देते। इसके विपरीत वे शत्रुओं, दुःखों, क्लेशों, पराजयों, गलतफहमियों, निराशाओं और कठोर व्यवहारों जैसे दिखाई देते हैं। वे दुःख की ऐसी विशाल गाड़ियों जैसे दिखते हैं जो हमें कुचल डालने को तैयार खड़ी हैं। परन्तु वे विजय के रथ हैं। वे हमें विजय की उन ऊँचाइयों तक ले जा सकते हैं जिनके लिये हमारे प्राण तरसते हैं।

यदि हम “पृथ्वी के ऊँचे-ऊँचे स्थानों पर सवार” होना चाहते हैं, तो हमें उन रथों में चढ़ना होगा जो हमें वहाँ ले जा सकते हैं; और ऐसी ऊँची सवारी के योग्य केवल “परमेश्वर के रथ” ही हैं। (व्यवस्थाविवरण 32:12-13) “यहोवा अकेला ही उसकी अगुआई करता रहा, और उसके संग कोई पराया देवता न था। उसने उसको पृथ्वी के ऊँचे-ऊँचे स्थानों पर सवार कराया, और उसको खेतों की उपज खिलाई; उसने उसे चट्टान में से मधु और चकमक की चट्टान में से तेल चुसाया।”

“तो तू यहोवा के कारण सुखी होगा, और मैं तुझे देश के ऊँचे स्थानों पर चलने दूँगा; मैं तेरे मूलपुरुष याकूब के भाग की उपज में से तुझे खिलाऊँगा, क्योंकि यहोवा ही के मुख से यह वचन निकला है। (यशायाह 58:14)।

हम अपने जीवन की प्रत्येक घटना को या तो जगन्नाथ का ऐसा रथ बना सकते हैं जो हमें कुचल डाले, या ऐसा रथ जिस पर सवार होकर हम विजय की ऊँचाइयों तक पहुँचें। यह सब इस पर निर्भर है कि हम उन्हें किस रीति से ग्रहण करते हैं; क्या हम अपने क्लेशों के नीचे लेट जाते हैं और उन्हें अपने ऊपर से लुढ़ककर हमें कुचल डालने देते हैं, या हम उन पर ऐसे चढ़ जाते हैं जैसे किसी रथ पर चढ़ते हैं, और उन्हें विवश करते हैं कि वे हमें विजय के साथ आगे और ऊपर की ओर ले चलें।

“वे चलते-चलते बातें कर रहे थे, कि अचानक एक अग्निमय रथ और अग्निमय घोड़ों ने उनको अलग-अलग किया, और एलिय्याह बवंडर में होकर स्वर्ग पर चढ़ गया। और उसे एलीशा देखता और पुकारता रहा, “हाय मेरे पिता! हाय मेरे पिता! हाय इस्राएल के रथ और सवारों! जब वह उसको फिर दिखाई न पड़ा, तब उसने अपने वस्त्र फाड़े और फाड़कर दो भागकर दिए।”(2 राजाओं 2:11 - 12)।जब भी हम परमेश्वर के रथों पर चढ़ते हैं, तब आत्मिक रूप से हमारे साथ वही होता है जो एलिय्याह के साथ हुआ था। हम भी उठा लिए जाएँगे। एलिय्याह के समान हमारे ऊपर के आकाश में नहीं, परन्तु हमारे भीतर के स्वर्ग में, और यह उठाया जाना, सब कुछ देखते हुए, उसके उठाए जाने से भी लगभग अधिक भव्य है। हम जीवन के उस निचले, सांसारिक और धूल में रेंगनेवाले स्तर से ऊपर उठा लिए जाएँगे, जहाँ हर बात चोट पहुँचाती है और हर बात दुःख देती है, और ऊपर “मसीह यीशु में स्वर्गीय स्थानों,” में पहुँचाए जाएँगे, जहाँ हम नीचे की सब बातों के ऊपर विजय के साथ सवारी करेंगे।

“मसीह यीशु में उसके साथ उठाया, और स्वर्गीय स्थानों में उसके साथ बैठाया।” (इफिसियों 2:6)। ये “स्वर्गीय स्थान” भीतरी हैं, बाहरी नहीं, और उन तक ले जानेवाला मार्ग भी भीतरी है।

परन्तु जो रथ प्राण को इस मार्ग पर ले चलता है, वह प्रायः कोई बाहरी हानि, या क्लेश, या निराशा होती है; कोई ऐसी ताड़ना जो वर्तमान में सचमुच आनन्द की नहीं, पर शोक ही की बात दिखाई पड़ती है; परन्तु फिर भी जो उसको सहते-सहते पक्के हो गए हैं, बाद में उन्हें चैन के साथ धार्मिकता का प्रतिफल देती है।

“और तुम उस उपदेश को जो तुम को पुत्रों के समान दिया जाता है, भूल गए हो: हे मेरे पुत्र, प्रभु की ताड़ना को हलकी बात न जान, और जब वह तुझे घुड़के तो साहस न छोड़। क्योंकि प्रभु, जिससे प्रेम करता है, उसको अनुशासित भी करता है; और जिसे पुत्र बना लेता है, उसको ताड़ना भी देता है। तुम दुःख को अनुशासन समझकर सह लो; परमेश्वर तुम्हें पुत्र जानकर तुम्हारे साथ बर्ताव करता है, वह कौन सा पुत्र है, जिसकी ताड़ना पिता नहीं करता? यदि वह ताड़ना जिसके भागी सब होते हैं, तुम्हारी नहीं हुई, तो तुम पुत्र नहीं, पर व्यभिचार की सन्तान ठहरे! फिर जबकि हमारे शारीरिक पिता भी हमारी ताड़ना किया करते थे और हमने उनका आदर किया, तो क्या आत्माओं के पिता के और भी अधीन न रहें जिससे हम जीवित रहें। वे तो अपनी-अपनी समझ के अनुसार थोड़े दिनों के लिये ताड़ना करते थे, पर यह तो हमारे लाभ के लिये करता है, कि हम भी उसकी पवित्रता के भागी हो जाएँ। और वर्तमान में हर प्रकार की ताड़ना आनन्द की नहीं, पर शोक ही की बात दिखाई पड़ती है, तो भी जो उसको सहते-सहते पक्के हो गए हैं, बाद में उन्हें चैन के साथ धार्मिकता का प्रतिफल मिलता है।”( इब्रानियों 12:5-11)।

इन ताड़नाओं को, चाहे वे वर्तमान में कितनी ही शोक की बात क्यों न लगें, परमेश्वर के ऐसे रथ समझो जो तुम्हारे प्राणों को आत्मिक उपलब्धि और उन्नति के “ऊँचे स्थानों” पर ले जाने के लिये भेजे गए हैं, और तुम पाओगे कि वे अन्ततः “प्रेम से जड़े हुए” हैं।

“सुलैमान राजा ने अपने लिये लबानोन के काठ की एक बड़ी पालकी बनवा ली। उसने उसके खम्भे चाँदी के, उसका सिरहाना सोने का, और गद्दी बैंगनी रंग की बनवाई है; और उसके भीतरी भाग को यरूशलेम की पुत्रियों की ओर से बड़े प्रेम से जड़ा गया है।” (श्रेष्ठगीत 3:9-10 )। तुम्हारा अपना रथ देखने में बहुत ही असुन्दर लग सकता है। वह कोई चिड़चिड़ा सम्बन्धी या मित्र हो सकता है; वह मनुष्य के द्वेष, या क्रूरता, या उपेक्षा का परिणाम हो सकता है; परन्तु परमेश्वर का भेजा हुआ हर रथ अवश्य ही प्रेम से जड़ा हुआ होगा, क्योंकि परमेश्वर प्रेम है, और परमेश्वर का प्रेम वह सबसे मधुर, सबसे कोमल और सबसे स्नेहपूर्ण आधार है जिस पर किसी भी प्राण ने कहीं भी कभी विश्राम पाया हो। सचमुच उसका प्रेम ही वह रथ भेजता है।

“हे यहोवा, क्या तू नदियों पर रिसियाया था? क्या तेरा क्रोध नदियों पर भड़का था, अथवा क्या तेरी जलजलाहट समुद्र पर भड़की थी, जब तू अपने घोड़ों पर और उद्धार करनेवाले विजयी रथों पर चढ़कर आ रहा था? तेरा धनुष खोल में से निकल गया, तेरे दण्ड का वचन शपथ के साथ हुआ था। (सेला) तूने धरती को नदियों से चीर डाला। पहाड़ तुझे देखकर काँप उठे; आँधी और जल-प्रलय निकल गए; गहरा सागर बोल उठा और अपने हाथों अर्थात् लहरों को ऊपर उठाया। तेरे उड़नेवाले तीरों के चलने की ज्योति से, और तेरे चमकीले भाले की झलक के प्रकाश से सूर्य और चन्द्रमा अपने-अपने स्थान पर ठहर गए। तू क्रोध में आकर पृथ्वी पर चल निकला, तूने जाति-जाति को क्रोध से नाश किया। तू अपनी प्रजा के उद्धार के लिये निकला, हाँ, अपने अभिषिक्त के संग होकर उद्धार के लिये निकला। (हबक्कूक 3:8-13) यहाँ भविष्यद्वक्ता हमें बताता है कि अपने लोगों के मार्ग को घेरनेवाली बाधाओं पर परमेश्वर की अप्रसन्नता ही थी जिसके कारण वह अपने “उद्धार करनेवाले विजयी रथों” पर सवार होकर उनकी सहायता को आया। जब परमेश्वर किसी बात पर सवार होता है, तो हर बात “उद्धार करनेवाला रथ” बन जाती है। वे “मेघ” जो हमारे आकाश को अन्धकारमय कर देते हैं और धार्मिकता के सूर्य के चमकने को रोकते हुए दिखाई देते हैं, अन्ततः, यदि हम केवल यह जानते, उसी के रथ हैं, जिन पर हम उसके साथ चढ़ सकते हैं, और सारे अन्धकार के ऊपर “सफलता से सवार” हो सकते हैं।

“हे वीर, तू अपनी तलवार को जो तेरा वैभव और प्रताप है अपनी कमर पर बाँध! सत्यता, नम्रता और धार्मिकता के निमित्त अपने ऐश्वर्य और प्रताप पर सफलता से सवार हो; तेरा दाहिना हाथ तुझे भयानक काम सिखाए!”(भजन संहिता 45:3 - 4)। “और वह करूब पर सवार होकर उड़ा, वरन् पवन के पंखों पर सवारी करके वेग से उड़ा।” ((भजन संहिता 18:10)। “हे यशूरून, परमेश्वर के तुल्य और कोई नहीं है, वह तेरी सहायता करने को आकाश पर, और अपना प्रताप दिखाता हुआ आकाशमण्डल पर सवार होकर चलता है।” (व्यवस्थाविवरण 33:26)। एक दिवंगत लेखक ने कहा है कि हम अपने सबसे जोरदार और परिश्रम भरे प्रयत्नों से भी बादलों को हटा नहीं सकते, परन्तु हम उनसे इतने ऊपर चढ़ सकते हैं कि ऊपर के निर्मल वायुमण्डल तक पहुँच जाएँ; और जो परमेश्वर के साथ सवारी करता है, वह पृथ्वी से उठनेवाले सब बादलों से बहुत ऊपर, आकाश पर सवार होकर चलता है।

“हे पृथ्वी पर के राज्य-राज्य के लोगों परमेश्वर का गीत गाओ; प्रभु का भजन गाओ, (सेला) जो सबसे ऊँचे सनातन स्वर्ग में सवार होकर चलता है; देखो वह अपनी वाणी सुनाता है, वह गम्भीर वाणी शक्तिशाली है। परमेश्वर की सामर्थ्य की स्तुति करो, उसका प्रताप इस्राएल पर छाया हुआ है, और उसकी सामर्थ्य आकाशमण्डल में है।”(भजन संहिता 68:32 -34 ) । यह बात कल्पना जैसी लग सकती है, परन्तु जब हम इसे अपने दैनिक जीवन में व्यवहार में लाने लगते हैं, तब यह सचमुच अत्यन्त व्यावहारिक सिद्ध होती है।

मैं एक स्त्री को जानती थी जिसकी एक सेविका बहुत धीमी थी। वह हर प्रकार से उत्तम और बहुत उपयोगी थी। परन्तु उसका धीमापन उसकी स्वामिनी को, जो स्वभाव से ही फुर्तीली थी, बहुत खिझाता था।

वह स्त्री दिन में बीस बार उस लड़की पर क्रोधित हो जाती थी। और बीस बार ही वह इस पर पछताती और अपने क्रोध को वश में करने का प्रयत्न करती थी। परन्तु सब व्यर्थ था। इस संघर्ष ने उसका जीवन दुःखी बना दिया था। एक दिन उसके मन में यह विचार आया कि वह बहुत समय से धीरज के लिये प्रार्थना करती आ रही है। हो सकता है कि यह धीमी सेविका ही वह रथ हो जिसे प्रभु ने उसके प्राण को धीरज तक ले जाने के लिये भेजा है। उसने तुरन्त उसे इसी रूप में स्वीकार कर लिया, और उस समय से वह अपनी सेविका के धीमेपन को अपने प्राण के लिये एक रथ के रूप में काम में लाने लगी। और इसका परिणाम धीरज की ऐसी विजय हुआ जिसे फिर किसी का भी धीमापन कभी भंग न कर सका।

हमारे एक सम्मेलन में मैं एक बहन को जानती थी जिसे भीड़ के कारण दो और स्त्रियों के साथ एक ही कमरे में सोना पड़ा। वह सोना चाहती थी, परन्तु वे बातें करना चाहती थीं। पहली रात वह बहुत व्याकुल रही। दूसरी स्त्रियों के चुप हो जाने के बहुत देर बाद तक भी वह खीझी और परेशान होकर जागती पड़ी रही। वह सो सकती थी। परन्तु अगले दिन उसने परमेश्वर के रथों के विषय में सुना। उस रात उसने निश्चय किया कि वह बातें करनेवाली बहनों को अपने रथ समझेगी।

वे उसे मधुरता और धीरज सीखने में सहायता करेंगी। वह शान्त और स्थिर मन से लेटी रही। परन्तु बहुत रात हो गई, और अब तक उन सबको सो जाना चाहिए था। तब उसने धीरे से कहा, “बहनो, मैं यहाँ लेटी हुई एक रथ पर सवारी कर रही हूँ।” इससे पूरी चुप्पी छा गई। उसके रथ ने उसे भीतर और बाहर, दोनों ओर विजय तक पहुँचा दिया था।

यदि हम अपने रथों में नहीं, परन्तु परमेश्वर के रथों में सवारी करना चुनें, तो हम भी यही अनुभव करेंगे।

“ हाय उन पर जो सहायता पाने के लिये मिस्र को जाते हैं और घोड़ों का आसरा करते हैं; जो रथों पर भरोसा रखते क्योंकि वे बहुत हैं, और सवारों पर, क्योंकि वे अति बलवान हैं, पर इस्राएल के पवित्र की ओर दृष्टि नहीं करते और न यहोवा की खोज करते हैं! परन्तु वह भी बुद्धिमान है और दुःख देगा, वह अपने वचन न टालेगा, परन्तु उठकर कुकर्मियों के घराने पर और अनर्थकारियों के सहायकों पर भी चढ़ाई करेगा। मिस्री लोग परमेश्वर नहीं, मनुष्य ही हैं; और उनके घोड़े आत्मा नहीं, माँस ही हैं। जब यहोवा हाथ बढ़ाएगा, तब सहायता करनेवाले और सहायता चाहनेवाले दोनों ठोकर खाकर गिरेंगे, और वे सब के सब एक संग नष्ट हो जाएँगे। (यशायाह 31:1-3) “किसी को रथों पर, और किसी को घोड़ों पर भरोसा है, परन्तु हम तो अपने परमेश्वर यहोवा ही का नाम लेंगे। वे तो झुक गए और गिर पड़े: परन्तु हम उठे और सीधे खड़े हैं। ” (भजन संहिता 20:7 -8)। हमारी निरन्तर परीक्षा यही है कि हम “मिस्र के रथों” पर भरोसा रखें। हम उन्हें देख सकते हैं। वे वास्तविक हैं और ठोस दिखाई देते हैं। परन्तु परमेश्वर के रथ अदृश्य और अस्पर्श्य हैं। यह विश्वास करना कठिन है कि वे वहाँ हैं। हमारी आँखें उन्हें देखने के लिये खुली नहीं हैं।

“अपने दूतों के द्वारा तूने प्रभु की निन्दा करके कहा है, कि ‘बहुत से रथ लेकर मैं पर्वतों की चोटियों पर, वरन् लबानोन के बीच तक चढ़ आया हूँ, और मैं उसके ऊँचे-ऊँचे देवदारुओं और अच्छे-अच्छे सनोवर को काट डालूँगा; और उसमें जो सबसे ऊँचा टिकने का स्थान होगा उसमें और उसके वन की फलदाई बारियों में प्रवेश करूँगा।” हम “बहुत से रथ” लेकर ऊँचे स्थानों तक पहुँचने का प्रयत्न करते हैं। हम पहले एक वस्तु पर निर्भर होते हैं, फिर दूसरी पर। हम ऐसा अपनी आत्मा को सुधारने और आत्मिक विजय पाने के लिये करते हैं। हम “सहायता पाने के लिये मिस्र को जाते हैं।” (2 राजाओं 19: 23)।

और परमेश्वर को प्रायः हमारे अपने सब रथों को नष्ट करना पड़ता है, तब कहीं जाकर वह हमें उस स्थिति तक ला पाता है जहाँ हम उसके रथ पर चढ़ें।

“यहोवा की यही वाणी है, उस समय मैं तेरे घोड़ों का तेरे बीच में से नाश करूँगा; और तेरे रथों का विनाश करूँगा।”( मीका 5:10)। “और मैं राज्य- राज्य की गद्दी को उलट दूँगा; मैं अन्यजातियों के राज्य-राज्य का बल तोड़ूँगा, और रथों को चढ़वैयों समेत उलट दूँगा; और घोड़ों समेत सवार हर एक अपने भाई की तलवार से गिरेंगे।” (हाग्गै 2:22) ।हम अपनी आत्मिक बढ़ती के लिये किसी प्रिय मित्र पर बहुत अधिक निर्भर रहते हैं। इसलिए प्रभु को हमें उस मित्र से अलग करना पड़ता है। हम मानते हैं कि हमारी आत्मिक बढ़ती किसी प्रिय प्रचारक की सेवकाई पर निर्भर है। अब हम रहस्यमय रीति से उससे दूर कर दिए जाते हैं। हम अपनी प्रार्थना-सभा या बाइबल-कक्षा को अपनी आत्मिक शक्ति का मुख्य स्रोत समझते हैं। अब हम उसमें जा नहीं पाते। और वह “परमेश्वर का रथ”, जो अकेला ही हमें उन स्थानों तक ले जा सकता है जहाँ तक पहुँचने की आशा हमने उन साधनों से की थी जिन पर हम निर्भर थे, उन्हीं अभावों में पाया जाता है जिन पर हमने इतना विलाप किया है। परमेश्वर को अपने प्रेम की आग से हमारे अपने हर उस रथ को जला डालना ही होगा जो उसके रथ पर हमारे चढ़ने के मार्ग में बाधा बनकर खड़ा है।

“क्योंकि देखो, यहोवा आग के साथ आएगा, और उसके रथ बवण्डर के समान होंगे, जिससे वह अपने क्रोध को जलजलाहट के साथ और अपनी चितौनी को भस्म करनेवाली आग की लपट से प्रगट करे।”(यशायाह 66:15) ।तो आओ, हम हर उस क्लेश के लिये धन्यवादी हों जो हमारे रथों को नष्ट करने में सहायता करेगा, और हमें विवश करेगा कि हम परमेश्वर के उस रथ में शरण लें जो हमारे पास ही तैयार खड़ा प्रतीक्षा कर रहा है।

“हे मेरे मन, परमेश्वर के सामने चुपचाप रह, क्योंकि मेरी आशा उसी से है। सचमुच वही मेरी चट्टान, और मेरा उद्धार है, वह मेरा गढ़ है; इसलिए मैं न डिगूँगा। मेरे उद्धार और मेरी महिमा का आधार परमेश्वर है; मेरी दृढ़ चट्टान, और मेरा शरणस्थान परमेश्वर है। हे लोगों, हर समय उस पर भरोसा रखो; उससे अपने-अपने मन की बातें खोलकर कहो; परमेश्वर हमारा शरणस्थान है। (सेला)” (भजन संहिता 62:5 -8)।हमें उस स्थान तक लाया जाना आवश्यक है जहाँ हमारे सब दूसरे शरणस्थान हमें छोड़ दें, तब कहीं जाकर हम कह सकते हैं, केवल वही। हम कहते हैं, वह, और साथ में कुछ और।

“वह, और मेरा अनुभव,” या “मेरे कलीसियाई सम्बन्ध,” या “मेरा मसीही कार्य”; और “और” के बाद जो कुछ भी आता है, वह सब हमसे ले लिया जाना चाहिए, या व्यर्थ सिद्ध हो जाना चाहिए, तब कहीं जाकर हम “केवल वही” तक पहुँच सकते हैं।” जब तक दिखाई देनेवाले रथ पास में हैं, तब तक प्राण अदृश्य रथों पर नहीं चढ़ेगा।

“परमेश्वर का गीत गाओ, उसके नाम का भजन गाओ; जो निर्जल देशों में सवार होकर चलता है, उसके लिये सड़क बनाओ; उसका नाम यहोवा है, इसलिए तुम उसके सामने प्रफुल्लित हो!” (भजन संहिता 68:4)।यदि हम परमेश्वर के साथ “आकाश पर सवार,” होना चाहते हैं, तो हमें पृथ्वी पर की सारी सवारी के अन्त तक लाया जाना होगा।

“हे परमेश्वर तेरी शोभा-यात्राएँ देखी गई, मेरे परमेश्वर और राजा की शोभा यात्रा पवित्रस्थान में जाते हुए देखी गई।” (भजन संहिता

68:24)। परमेश्वर की शोभा-यात्राओं को देखने के लिये हमें उसकी उपस्थिति के पवित्रस्थान में प्रवेश करना होगा; और उसकी यात्राओं में भागी होने और उसके साथ चलने के लिये हमें पृथ्वी की सारी यात्राएँ छोड़ देनी होंगी।

“मनुष्य का मार्ग यहोवा की ओर से ठहराया जाता है; मनुष्य अपना मार्ग कैसे समझ सकेगा?”(नीतिवचन 20:24)। “मेरे पाँव तेरे पथों में स्थिर रहे, फिसले नहीं।”(भजन संहिता 17:5)।

“मैं धीरज से यहोवा की बाट जोहता रहा; और उसने मेरी ओर झुककर मेरी दुहाई सुनी।”(भजन संहिता 40:1)। जब हम परमेश्वर के रथ पर चढ़ते हैं, तब हमारी गति “दृढ़” होती है, क्योंकि कोई भी बाधा उसकी विजयी यात्रा को रोक नहीं सकती। इसलिए जो भी हानियाँ हमें यहाँ तक पहुँचाती हैं, वे सब वास्तव में लाभ हैं।

“परन्तु जो-जो बातें मेरे लाभ की थीं, उन्हीं को मैंने मसीह के कारण हानि समझ लिया है। वरन् मैं अपने प्रभु मसीह यीशु की पहचान की उत्तमता के कारण सब बातों को हानि समझता हूँ। जिसके कारण मैंने सब वस्तुओं की हानि उठाई, और उन्हें कूड़ा समझता हूँ, ताकि मैं मसीह को प्राप्त करूँ। और उसमें पाया जाऊँ; न कि अपनी उस धार्मिकता के साथ, जो व्यवस्था से है, वरन् उस धार्मिकता के साथ जो मसीह पर विश्वास करने के कारण है, और परमेश्वर की ओर से विश्वास करने पर मिलती है।”(फिलिप्पियों 3:7 -9)। पौलुस इस बात को समझता था, और वह उन हानियों पर घमण्ड करता था जिनसे उसे ऐसा अवर्णनीय लाभ मिला।

“और इसलिए कि मैं प्रकाशनों की बहुतायत से फूल न जाऊँ, मेरे शरीर में एक काँटा चुभाया गया अर्थात् शैतान का एक दूत कि मुझे घूँसे मारे ताकि मैं फूल न जाऊँ। इसके विषय में मैंने प्रभु से तीन बार विनती की, कि मुझसे यह दूर हो जाए। और उसने मुझसे कहा, “मेरा अनुग्रह तेरे लिये बहुत है; क्योंकि मेरी सामर्थ्य निर्बलता में सिद्ध होती है।” इसलिए मैं बड़े आनन्द से अपनी निर्बलताओं पर घमण्ड करूँगा, कि मसीह की सामर्थ्य मुझ पर छाया करती रहे। इस कारण मैं मसीह के लिये निर्बलताओं, और निन्दाओं में, और दरिद्रता में, और उपद्रवों में, और संकटों में, प्रसन्न हूँ; क्योंकि जब मैं निर्बल होता हूँ, तभी बलवन्त होता हूँ।” (2 कुरिन्थियों 12:7 -10) यहाँ तक कि “शरीर में एक काँटा,” अर्थात् शैतान का वह दूत जो उसे कष्ट देने के लिये भेजा गया था, उसके इच्छुक हृदय के लिये केवल एक रथ बन गया, जो उसे उन विजयों तक ले गया जहाँ वह अन्यथा कभी न पहुँच पाता। अपने संघर्षों में “प्रसन्न” रहना — यदि यह उन्हें सबसे महान रथों में बदल देना नहीं, तो और क्या है?

यूसुफ ने अपनी भविष्य की विजयों और अपने शासन का स्वप्न देखा। परन्तु शारीरिक दृष्टि से देखने पर, जो रथ उसे वहाँ ले गए वे कड़वी असफलताएँ थीं। राज्य तक पहुँचने का यह एक विचित्र मार्ग था। वह दासत्व और बन्दीगृह से होकर जाता था। फिर भी यूसुफ के लिये अपनी विजय तक पहुँचने का कोई दूसरा मार्ग न था। उसका स्वप्न, उत्पत्ति 37:5-10 “यूसुफ ने एक स्वप्न देखा, और अपने भाइयों से उसका वर्णन किया; तब वे उससे और भी द्वेष करने लगे। उसने उनसे कहा, “जो स्वप्न मैंने देखा है, उसे सुनो हम लोग खेत में पूले बाँध रहे हैं, और क्या देखता हूँ कि मेरा पूला उठकर सीधा खड़ा हो गया; तब तुम्हारे पूलों ने मेरे पूले को चारों तरफ से घेर लिया और उसे दण्डवत् किया।” तब उसके भाइयों ने उससे कहा, क्या सचमुच तू हमारे ऊपर राज्य करेगा? या क्या सचमुच तू हम पर प्रभुता करेगा? इसलिए वे उसके स्वप्नों और उसकी बातों के कारण उससे और भी अधिक बैर करने लगे। फिर उसने एक और स्वप्न देखा, और अपने भाइयों से उसका भी यह वर्णन किया, सुनो, मैंने एक और स्वप्न देखा है, कि सूर्य और चन्द्रमा, और ग्यारह तारे मुझे दण्डवत् कर रहे हैं। इस स्वप्न का उसने अपने पिता, और भाइयों से वर्णन किया; तब उसके पिता ने उसको डाँटकर कहा, यह कैसा स्वप्न है जो तूने देखा है? क्या सचमुच मैं और तेरी माता और तेरे भाई सब जाकर तेरे आगे भूमि पर गिरकर दण्डवत् करेंगे?”

उसके रथ, उत्पत्ति 37:19-20 “और वे आपस में कहने लगे, “देखो, वह स्वप्न देखनेवाला आ रहा है। इसलिए आओ, हम उसको घात करके किसी गड्ढे में डाल दें, और यह कह देंगे, कि कोई जंगली पशु उसको खा गया। फिर हम देखेंगे कि उसके स्वप्नों का क्या फल होगा।” उत्पत्ति 27:28 “परमेश्वर तुझे आकाश से ओस, और भूमि की उत्तम से उत्तम उपज, और बहुत सा अनाज और नया दाखमधु दे।” उत्पत्ति 39:19 -20 “अपनी पत्नी की ये बातें सुनकर कि “तेरे दास ने मुझसे ऐसा-ऐसा काम किया,” यूसुफ के स्वामी का कोप भड़का। और यूसुफ के स्वामी ने उसको पकड़कर बन्दीगृह में, जहाँ राजा के कैदी बन्द थे, डलवा दिया; अतः वह उस बन्दीगृह में रहा।” और यूसुफ के स्वामी ने उसको पकड़कर बन्दीगृह में, जहाँ राजा के कैदी बन्द थे, डलवा दिया; अतः वह उस बन्दीगृह में रहा; उसने अपने रथों पर कैसे सवारी की, उत्पत्ति 39:1-6 “जब यूसुफ मिस्र में पहुँचाया गया, तब पोतीपर नामक एक मिस्री ने, जो फ़िरौन का हाकिम, और अंगरक्षकों का प्रधान था, उसको इश्माएलियों के हाथ से जो उसे वहाँ ले गए थे, मोल लिया। यूसुफ अपने मिस्री स्वामी के घर में रहता था, और यहोवा उसके संग था; इसलिए वह सफल पुरुष हो गया। और यूसुफ के स्वामी ने देखा, कि यहोवा उसके संग रहता है, और जो काम वह करता है उसको यहोवा उसके हाथ से सफल कर देता है। तब उसकी अनुग्रह की दृष्टि उस पर हुई, और वह उसकी सेवा टहल करने के लिये नियुक्त किया गया; फिर उसने उसको अपने घर का अधिकारी बनाकर अपना सब कुछ उसके हाथ में सौंप दिया। जब से उसने उसको अपने घर का और अपनी सारी सम्पत्ति का अधिकारी बनाया, तब से यहोवा यूसुफ के कारण उस मिस्री के घर पर आशीष देने लगा; और क्या घर में, क्या मैदान में, उसका जो कुछ था, सब पर यहोवा की आशीष होने लगी। इसलिए उसने अपना सब कुछ यूसुफ के हाथ में यहाँ तक छोड़ दिया कि अपने खाने की रोटी को छोड़, वह अपनी सम्पत्ति का हाल कुछ न जानता था।”

उत्पत्ति 39:21-23 “ पर यहोवा यूसुफ के संग-संग रहा, और उस पर करुणा की, और बन्दीगृह के दरोगा के अनुग्रह की दृष्टि उस पर हुई। इसलिए बन्दीगृह के दरोगा ने उन सब बन्दियों को, जो कारागार में थे, यूसुफ के हाथ में सौंप दिया; और जो-जो काम वे वहाँ करते थे, वह उसी की आज्ञा से होता था। यूसुफ के वश में जो कुछ था उसमें से बन्दीगृह के दरोगा को कोई भी वस्तु देखनी न पड़ती थी; क्योंकि यहोवा यूसुफ के साथ था।

और जो कुछ वह करता था, यहोवा उसको उसमें सफलता देता था।” उसकी विजय।

और अब इस विषय में एक बात कि कोई इन रथों पर कैसे चढ़े। मेरा उत्तर बस इतना होगा: इनमें से हर एक में यह खोजो कि परमेश्वर कहाँ है, और अपने आपको उसमें छिपा लो। या दूसरे शब्दों में, वही करो जो छोटा बच्चा संकट आने पर करता है, जो अपनी माँ के पास जाकर उसकी बाँहों में छिप जाता है। इन सब बातों के बाद, वह सच्चा रथ जो हमें विजय के साथ पार ले जाता है, परमेश्वर का हमें उठाए रहना ही है।

यशायाह 46:4 “तुम्हारे बुढ़ापे में भी मैं वैसा ही बना रहूँगा और तुम्हारे बाल पकने के समय तक तुम्हें उठाए रहूँगा। मैंने तुम्हें बनाया और तुम्हें लिए फिरता रहूँगा; मैं तुम्हें उठाए रहूँगा और छुड़ाता भी रहूँगा।” अपनी माँ की बाँहों के रथ में उठाया हुआ शिशु सबसे कठिन स्थानों में से भी विजय के साथ निकल जाता है, और उसे यह पता भी नहीं चलता कि वे कठिन हैं।

यशायाह 63: 9 “ उनके सारे संकट में उसने भी कष्ट उठाया, और उसके सम्मुख रहनेवाले दूत ने उनका उद्धार किया; प्रेम और कोमलता से उसने आप ही उनको छुड़ाया; उसने उन्हें उठाया और प्राचीनकाल से सदा उन्हें लिए फिरा।”।तो फिर हम, जो “परमेश्वर की भुजाओं” के रथ में उठाए जाते हैं, और भी कितनी अधिक विजय के साथ निकल जाएँगे! तो अपने रथ में चढ़ जाओ। तुम्हारे जीवन में जो भी बात गलत है, उसे अपने लिये परमेश्वर का रथ मान लो। उस बुराई को चाहे किसी ने भी खड़ा किया हो, अब वह तुम्हारे लिये परमेश्वर का रथ है। उसे तुम्हें विजय के एक स्वर्गीय स्थान तक ले ही जाना है। सब गौण कारणों को अलग कर दो, और उसमें प्रभु को पा लो। कहो, “हे प्रभु, मेरी आँखें खोल दे कि मैं देख सकूँ, दिखाई देनेवाले शत्रु को नहीं, परन्तु छुटकारे के तेरे अदृश्य रथों को।”

क्लेश में, चाहे वह कैसा भी हो, उसकी इच्छा को स्वीकार करो, और अपने आपको उसके प्रेम की बाँहों में छिपा लो। बार-बार कहो, “तेरी इच्छा पूरी हो; तेरी इच्छा पूरी हो!”

उसकी इच्छा के अधीन होने और उसके प्रेम पर भरोसा रखने के उस एक विचार को छोड़, हर दूसरे विचार को मन से बाहर कर दो।

अपने क्लेश को अपना रथ बना लो। तब तुम्हारा प्राण परमेश्वर के साथ ऐसी रीति से “आकाश पर सवार” होगा जिसकी तुमने कभी कल्पना भी न की थी।

मुझे कोई सन्देह नहीं। यदि हमारी आँखें खुल जाएँ, तो हम अपने घरों, कारोबारों और गलियों को “परमेश्वर के रथों” से भरा हुआ देखेंगे। हममें से किसी को भी रथों के अभाव में पैदल चलने की आवश्यकता नहीं है।

तुम्हारे घर का वह चिड़चिड़ा सदस्य, जिसने जीवन को बोझ बना दिया है, अब से एक महिमामय रथ बन सकता है।

वह तुम्हें स्वर्गीय धीरज और सहनशीलता की ऊँचाइयों तक ले जाएगा। तुम्हारे साथ होनेवाली गलतफहमी, अपमान, कठोरता, निराशा, हानि और पराजय, ये सब रथ हैं। वे तुम्हें विजय की उन ऊँचाइयों तक ले जाने की प्रतीक्षा में हैं जिनकी तुम लालसा करते आए हो।

तो फिर धन्यवादी हृदय से उन पर चढ़ जाओ। उसके प्रेम की ज्योति में सब गौण कारणों को आँखों से ओझल हो जाने दो।

वह तुम्हें अपनी बाँहों में उठाए रहेगा, तुम्हें सुरक्षित रखेगा और इन सब पर विजय का उत्सव मनाएगा।

पिछला अगला