अध्याय 14 · 6 मिनट का पठन · 8 मिनट का श्रवण
सताव
मसीही जीवन में बहुत दूर जाने से पहले ही हर सच्चे मसीही के सामने आनेवाली निराशाओं में से एक है सताव। परमेश्वर अपने वचन में हमें बताता है कि “जितने मसीह यीशु में भक्ति के साथ जीवन बिताना चाहते हैं वे सब सताए जाएँगे” (2 तीमुथियुस 3:12)। देर-सबेर हर वह व्यक्ति जो अपने आपको पूरी तरह परमेश्वर को समर्पित करता है और हर बात में यीशु मसीह के पीछे चलना चाहता है, पाएगा कि यह पद सच है। हम परमेश्वर से घृणा करनेवाले संसार में और समझौता करनेवाले युग में रहते हैं। हमारे समय में परमेश्वर के प्रति संसार की घृणा छिपी हुई है। हमारे देश में वह उस प्रकार प्रगट नहीं होती जिस प्रकार यीशु मसीह के दिनों में फिलिस्तीन में प्रगट हुई थी, परन्तु संसार आज भी परमेश्वर से उतनी ही घृणा करता है जितनी पहले कभी करता था, और वह उस व्यक्ति से भी घृणा करता है जो मसीह के प्रति विश्वासयोग्य है। हो सकता है कि वह उसे बन्दीगृह में न डाले या मार न डाले, परन्तु किसी न किसी रीति से वह उसे सताएगा। यीशु मसीह के विश्वासयोग्य अनुयायी के लिए सताव अनिवार्य है। बहुत से नए मसीही जब सताव का सामना करते हैं, तो चकित और निराश हो जाते हैं, और थोड़े नहीं, बहुत से गिर भी जाते हैं। बहुत से लोग कुछ दिनों तक अच्छी तरह दौड़ते दिखाई देते हैं, परन्तु उन लोगों के समान जिनके विषय में यीशु ने कहा, “परन्तु अपने भीतर जड़ न रखने के कारण वे थोड़े ही दिनों के लिये रहते हैं; इसके बाद जब वचन के कारण उन पर क्लेश या उपद्रव होता है, तो वे तुरन्त ठोकर खाते हैं” (मरकुस 4:17)। मैंने बहुत से ऐसे मसीही जीवन, जो देखने में होनहार थे, इसी प्रकार समाप्त होते देखे हैं। परन्तु यदि सताव को सही रीति से ग्रहण किया जाए, तो वह मसीही जीवन में बाधा नहीं रहता, बल्कि उसकी सहायता बन जाता है।
जब आप सताए जाएँ, तो निराश मत होइए। सताव चाहे कितना भी भयंकर और कठोर क्यों न हो, उसके लिए धन्यवादी रहिए। यीशु कहता है, “धन्य हैं वे, जो धार्मिकता के कारण सताए जाते हैं, क्योंकि स्वर्ग का राज्य उन्हीं का है। धन्य हो तुम, जब मनुष्य मेरे कारण तुम्हारी निन्दा करें और सताएँ और झूठ बोल बोलकर तुम्हारे विरोध में सब प्रकार की बुरी बात कहें। आनन्दित और मगन होना क्योंकि तुम्हारे लिये स्वर्ग में बड़ा प्रतिफल है। इसलिए कि उन्होंने उन भविष्यद्वक्ताओं को जो तुम से पहले थे इसी रीति से सताया था” (मत्ती 5:10-12)। मसीह के लिए और सत्य के लिए सताया जाना बड़ा सौभाग्य है। पतरस ने यह जाना और अपने समय के मसीहियों को लिखा: “हे प्रियों, जो दुःख रूपी अग्नि तुम्हारे परखने के लिये तुम में भड़की है, इससे यह समझकर अचम्भा न करो कि कोई अनोखी बात तुम पर बीत रही है। पर जैसे-जैसे मसीह के दुःखों में सहभागी होते हो, आनन्द करो, जिससे उसकी महिमा के प्रगट होते समय भी तुम आनन्दित और मगन हो। फिर यदि मसीह के नाम के लिये तुम्हारी निन्दा की जाती है, तो धन्य हो; क्योंकि महिमा की आत्मा, जो परमेश्वर की आत्मा है, तुम पर छाया करती है” (1 पतरस 4:12-14)। भली-भाँति निश्चित कर लीजिए कि सताव सचमुच मसीह के कारण है, न कि आपकी किसी सनक के कारण या आपकी हठ के कारण। बहुत से लोग हैं जो अपने हठी और झक्की स्वभाव के कारण दूसरों की अप्रसन्नता अपने ऊपर ले आते हैं, और फिर अपने आपको यह कहकर फुसलाते हैं कि वे मसीह के कारण और धार्मिकता के कारण सताए जा रहे हैं। दूसरों के विचारों का ध्यान रखिए और दूसरों के आचरण का ध्यान रखिए। ध्यान रखिए कि आप अनुचित रीति से अपने विचार दूसरों पर न थोपें, और अपने विवेक को दूसरे लोगों के जीवन का नियम न बनाएँ। परन्तु सिद्धान्त से रत्ती भर भी मत हटिए। जिसे आप सत्य मानते हैं, उसके पक्ष में दृढ़ खड़े रहिए। ऐसा प्रेम में कीजिए, परन्तु किसी भी मूल्य पर कीजिए। और जब आप अपने विश्वास और सिद्धान्त के पक्ष में खड़े हों, और इसके कारण आपको नापसन्द किया जाए, आपकी निन्दा की जाए और आपके साथ हर प्रकार का दुर्व्यवहार किया जाए, तो उदास मत होइए, बल्कि आनन्द कीजिए। जो आपकी बुराई करते हैं, उनकी बुराई मत कीजिए, “क्योंकि मसीह भी तुम्हारे लिये दुःख उठाकर, तुम्हें एक आदर्श दे गया है कि तुम भी उसके पद-चिन्ह पर चलो। वह गाली सुनकर गाली नहीं देता था, और दुःख उठाकर किसी को भी धमकी नहीं देता था, पर अपने आपको सच्चे न्यायी के हाथ में सौंपता था” (1 पतरस 2:21, 23)।
यहीं पर बहुत से मसीही भूल करते हैं। वे सत्य के पक्ष में विश्वासयोग्यता से खड़े तो होते हैं, परन्तु सत्य के कारण आनेवाले सताव को कठोरता से ग्रहण करते हैं, कड़वे हो जाते हैं, और अपने सिवा हर किसी को दोषी ठहराने लगते हैं। इस प्रकार सताव सहने में कोई आशीष नहीं। सताव नम्रता से, प्रेम से, शान्ति से सहना चाहिए। अपने सतावों के विषय में बातें मत कीजिए। उनमें आनन्द कीजिए। उनके लिए परमेश्वर को धन्यवाद दीजिए, और परमेश्वर की आज्ञा मानते रहिए। और अपने सतानेवालों से प्रेम रखना और उनके लिए प्रार्थना करना मत भूलिए (मत्ती 5:44)।
यदि कभी सताव आपकी सहन-शक्ति से अधिक कठोर लगे, तो स्मरण कीजिए कि प्रतिफल कितना भरपूर है: “यदि हम धीरज से सहते रहेंगे, तो उसके साथ राज्य भी करेंगे; यदि हम उसका इन्कार करेंगे तो वह भी हमारा इन्कार करेगा” (2 तीमुथियुस 2:12)। हर एक को बड़े क्लेश उठाकर परमेश्वर के राज्य में प्रवेश करना होगा (प्रेरितों के काम 14:22), परन्तु इस कारण पीछे मत लौटिए। सताव की आग चाहे कितनी भी भयंकर जले, सदा स्मरण रखिए कि “इस समय के दुःख और क्लेश उस महिमा के सामने, जो हम पर प्रगट होनेवाली है, कुछ भी नहीं हैं” (रोमियों 8:18)। यह भी स्मरण रखिए कि आपका हलका-सा क्लेश केवल पल भर का है, और वह आपके लिए “बहुत ही महत्त्वपूर्ण और अनन्त महिमा” उत्पन्न करता जाता है (2 कुरिन्थियों 4:17)। देखी हुई वस्तुओं की ओर नहीं, परन्तु अनदेखी वस्तुओं की ओर देखते रहिए, क्योंकि देखी हुई वस्तुएँ थोड़े ही दिन की हैं, परन्तु अनदेखी वस्तुएँ सदा बनी रहती हैं (2 कुरिन्थियों 4:18)। जब प्रेरित सताए गए, यहाँ तक कि बन्दीगृह में डाले गए और पीटे गए, तो वे उस महासभा के सामने से, जिसने उन्हें वह भयानक दण्ड दिलवाया था, इस बात से आनन्दित होकर चले गए कि वे यीशु के नाम के लिए निरादर होने के योग्य ठहरे, और वे हर दिन मन्दिर में और घर-घर में यीशु मसीह के विषय में लगातार सिखाते और प्रचार करते रहे (प्रेरितों के काम 5:40-42)।
ऐसा समय आ सकता है जब आपको लगे कि आप दूसरों से अधिक सताए जा रहे हैं, परन्तु आप नहीं जानते कि दूसरों को क्या-क्या सहना पड़ता है। यदि यह सच भी हो—कि आप किसी और से अधिक सताए जा रहे हैं—तब भी आपको शिकायत नहीं करनी चाहिए, बल्कि नम्रता से परमेश्वर का धन्यवाद करना चाहिए कि उसने आपको ऐसा सम्मान दिया है। अपनी आँखें उसी पर लगाए रखिए, जैसा लिखा है: “विश्वास के कर्ता और सिद्ध करनेवाले यीशु की ओर ताकते रहें; जिसने उस आनन्द के लिये जो उसके आगे धरा था, लज्जा की कुछ चिन्ता न करके, क्रूस का दुःख सहा; और सिंहासन पर परमेश्वर के दाहिने जा बैठा। इसलिए उस पर ध्यान करो, जिसने अपने विरोध में पापियों का इतना वाद-विवाद सह लिया कि तुम निराश होकर साहस न छोड़ दो” (इब्रानियों 12:2, 3)। एक बार मैं एक बूढ़े अश्वेत व्यक्ति से बात कर रहा था, जिसने दासता के दिनों में अपने उद्धारकर्ता को पाया था। उसका क्रूर स्वामी मसीह के प्रति उसकी विश्वासयोग्यता के कारण उसे बार-बार कोड़े लगवाता था, परन्तु उसने मुझसे कहा, “मैं बस अपने उद्धारकर्ता के विषय में सोचता था जो मेरे स्थान पर क्रूस पर मर रहा था, और मैं उसके लिए सताव सहने में आनन्दित होता था।”