अध्याय 3 · 13 मिनट का पठन · 17 मिनट का श्रवण
प्रभु यीशु के व्यक्तित्व में विश्वास
मनुष्यों में यह अभागी प्रवृत्ति पाई जाती है कि वे सुसमाचार में से स्वयं मसीह को ही निकाल देते हैं। इससे तो अच्छा वे रोटी में से आटा ही निकाल दें। लोग उद्धार के मार्ग का वर्णन सुनते हैं, और यह मान लेते हैं कि वह पवित्रशास्त्र के अनुसार है, और हर प्रकार से उनकी दशा के अनुकूल है; पर वे भूल जाते हैं कि कोई योजना तब तक किसी काम की नहीं जब तक वह पूरी न की जाए; और यह भी कि उद्धार के विषय में प्रभु यीशु पर उनका अपना व्यक्तिगत विश्वास अनिवार्य है। यॉर्क को जानेवाली सड़क मुझे वहाँ नहीं पहुँचा देगी; मुझे स्वयं उस पर चलना होगा। संसार में आज तक जितने भी खरे सिद्धान्तों पर विश्वास किया गया है, वे सब मिलकर भी किसी मनुष्य का उद्धार कभी नहीं करेंगे, जब तक वह स्वयं अपना भरोसा प्रभु यीशु पर न रखे।
श्रीमान मैकडोनाल्ड ने सेंट किल्डा द्वीप के निवासियों से पूछा कि मनुष्य का उद्धार किस प्रकार होना चाहिए। एक बूढ़े ने उत्तर दिया, “यदि हम मन फिराएँ, और अपने पापों को छोड़ दें, और परमेश्वर की ओर फिरें, तो हमारा उद्धार होगा।” “हाँ,” एक अधेड़ उम्र की स्त्री बोली, “और वह भी सच्चे मन से।” “हाँ जी,” तीसरे ने जोड़ा, “और प्रार्थना के साथ”; और चौथे ने आगे कहा, “वह प्रार्थना हृदय की होनी चाहिए।” “और हमें परिश्रमी भी होना चाहिए,” पाँचवें ने कहा, “आज्ञाओं के पालन में।” इस प्रकार हर एक ने अपनी-अपनी दमड़ी डाल दी, और यह समझकर कि एक बड़ा अच्छा-सा विश्वास-वचन तैयार हो गया है, वे सब उपदेशक की ओर देखने लगे और उसकी सराहना सुनने की बाट जोहने लगे; पर उन्होंने उसके मन में सबसे गहरी करुणा जगा दी थी: उसे बिलकुल आरम्भ से शुरू करना पड़ा, और उन्हें मसीह का प्रचार करना पड़ा। शारीरिक मन सदा अपने लिये ऐसा मार्ग खींच लेता है जिसमें अहं काम कर सके और बड़ा बन सके; परन्तु प्रभु का मार्ग इसके ठीक विपरीत है। प्रभु यीशु ने इसे मरकुस 16:16 में बहुत संक्षेप में कह दिया है: “जो विश्वास करे और बपतिस्मा ले उसी का उद्धार होगा।” विश्वास करना और बपतिस्मा लेना कोई ऐसे पुण्य के काम नहीं जिन पर घमण्ड किया जाए; वे इतने सरल हैं कि घमण्ड के लिये कोई जगह ही नहीं रहती, और जयमाला सेंत-मेंत अनुग्रह के ही गले पड़ती है। उद्धार का यह मार्ग इसीलिये चुना गया है कि यह दिखाई दे कि वह केवल अनुग्रह से है। हो सकता है कि पाठक का अब तक उद्धार नहीं हुआ है: इसका कारण क्या है? क्या तुम सोचते हो कि उद्धार का मार्ग, जैसा उस वचन में ठहराया गया है जिसे हमने उद्धृत किया है, सन्देहजनक है? क्या तुम्हें डर है कि यदि तुम उस पर चलो तो भी तुम्हारा उद्धार न होगा? यह कैसे हो सकता है, जब परमेश्वर ने उसकी निश्चितता के लिये अपना ही वचन दाँव पर लगा दिया है? जो बात परमेश्वर ठहराता है, और जिसके विषय में वह प्रतिज्ञा देता है, वह कैसे विफल हो सकती है? क्या तुम उसे बहुत आसान समझते हो? तो फिर तुम उस पर ध्यान क्यों नहीं देते? उसकी सरलता ही उन लोगों को निरुत्तर कर देती है जो उसकी उपेक्षा करते हैं। यदि तुम कोई बड़ा काम करने को तैयार होते, तो ऐसे मूर्ख मत बनो कि छोटे काम की उपेक्षा कर दो। विश्वास करना मसीह यीशु पर भरोसा करना, या उस पर टिक जाना है; दूसरे शब्दों में, अपने-आप पर निर्भर रहना छोड़कर प्रभु यीशु पर निर्भर हो जाना है। बपतिस्मा लेना उस विधि के अधीन हो जाना है जिसे हमारे प्रभु ने यरदन में पूरा किया, जिसके अधीन पिन्तेकुस्त के दिन मन फिरानेवाले हुए, और जिसकी आज्ञा उस दरोगा ने अपने मन फिराने की उसी रात मानी। यह वह बाहरी अंगीकार है जो भीतरी विश्वास के साथ सदा होना चाहिए। बाहरी चिन्ह उद्धार नहीं करता; परन्तु वह हमारे सामने यीशु के साथ हमारी मृत्यु, गाड़े जाने और जी उठने का चित्र प्रस्तुत करता है, और प्रभु-भोज के समान उसकी भी उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए।
मुख्य बात यह है कि यीशु पर विश्वास करो, और अपने विश्वास का अंगीकार करो। क्या तुम यीशु पर विश्वास करते हो? तो, प्रिय मित्र, अपने भय दूर कर दो; तुम्हारा उद्धार होगा। क्या तुम अब भी अविश्वासी हो? तो स्मरण रखो, द्वार केवल एक ही है, और यदि तुम उसमें से प्रवेश न करोगे, तो तुम्हें अपने पापों में नाश होना पड़ेगा। द्वार तो वहाँ है; पर जब तक तुम उसमें से प्रवेश न करो, वह तुम्हारे किस काम का? यह अनिवार्य है कि तुम सुसमाचार की आज्ञा मानो। यदि तुम यीशु का शब्द न सुनो, और सचमुच और सच्चाई से उसकी आज्ञा पर न चलो, तो कोई भी वस्तु तुम्हारा उद्धार नहीं कर सकती। सोचने और ठान लेने से काम न चलेगा; तुम्हें असली काम पर आना होगा; क्योंकि जब तुम सचमुच विश्वास करोगे, तभी तुम सचमुच परमेश्वर के लिये जीवित रहोगे।
मैंने एक मित्र के विषय में सुना जो बड़ी लालसा रखता था कि वह एक युवक के मन फिराने का साधन बने, और किसी ने उससे कहा, “तुम उसके पास जा सकते हो, और उससे बातें कर सकते हो, पर तुम उसे इससे आगे न ले जा पाओगे; क्योंकि वह उद्धार की योजना से भली-भाँति परिचित है।” बात सचमुच ऐसी ही थी; और इसलिये जब हमारे मित्र ने उस युवक से बात करनी आरम्भ की, तो उसे यह उत्तर मिला, “मैं आपका बहुत आभारी हूँ, पर मैं नहीं समझता कि आप मुझे बहुत कुछ बता सकेंगे, क्योंकि मैं बहुत समय से मसीह के स्थानापन्न बलिदान के द्वारा उद्धार की योजना को जानता हूँ और उसकी सराहना करता हूँ।” हाय! वह योजना पर टिका हुआ था, पर उसने उस व्यक्ति पर विश्वास नहीं किया था। उद्धार की योजना अत्यन्त धन्य है, पर जब तक हम व्यक्तिगत रूप से स्वयं प्रभु यीशु मसीह पर विश्वास न करें, वह हमारे कुछ काम नहीं आ सकती। यदि तुम घर के भीतर ही प्रवेश न करो, तो घर के नक्शे से तुम्हें क्या सुख? हमारे चित्र में जो मनुष्य बाहर वर्षा में बैठा है, उसे अपने सामने फैले हुए नक्शों से कुछ विशेष सुख नहीं मिल रहा। यदि तुम्हारे पास तन ढाँकने को एक चिथड़ा भी न हो, तो वस्त्रों के नक्शे से क्या लाभ? क्या तुमने काहिरा के उस अरब सरदार के विषय में कभी नहीं सुना, जो बहुत बीमार था, और मिशनरी के पास गया, और मिशनरी ने कहा कि वह उसे एक नुस्खा लिख सकता है? उसने लिख दिया; और एक सप्ताह बाद उसने देखा कि अरब की दशा कुछ भी नहीं सुधरी। क्या तुमने मेरा नुस्खा लिया?” उसने पूछा। “हाँ, मैंने काग़ज़ का एक-एक टुकड़ा खा लिया।” वह यह सपना देख रहा था कि वैद्य की लिखावट निगलकर वह चंगा हो जाएगा, जिसे मैं दवा की योजना कह सकता हूँ। उसे चाहिए था कि नुस्खे के अनुसार दवा बनवाता, और तब, यदि वह उस दवा को पी लेता, तो वह उसका भला कर सकती थी: नुस्खे को निगल जाने से उसका कोई भला नहीं हो सकता था। उद्धार के साथ भी ऐसा ही है: उद्धार की योजना उद्धार नहीं कर सकती; उद्धार करता है प्रभु यीशु के द्वारा हमारे बदले में अपनी मृत्यु से उस योजना का पूरा किया जाना, और हमारा उसे ग्रहण करना। यहूदी व्यवस्था के अधीन, चढ़ानेवाला एक बछड़ा लाता था, और उस पर अपने हाथ रखता था: वह कोई सपना, या सिद्धान्त, या योजना नहीं थी। बलि के पशु में उसे कुछ ठोस मिलता था, जिसे वह हाथ से पकड़ और छू सकता था: ठीक वैसे ही हम यीशु के वास्तविक और सच्चे काम पर टिकते हैं, जो आकाश के नीचे सबसे ठोस वस्तु है। हम विश्वास के द्वारा प्रभु यीशु के पास आते हैं, और कहते हैं, “परमेश्वर ने यहाँ एक प्रायश्चित्त का प्रबन्ध किया है, और मैं उसे ग्रहण करता हूँ। क्रूस पर पूरे किए गए उस तथ्य पर मैं विश्वास करता हूँ; मुझे पूरा निश्चय है कि मसीह ने पाप को दूर कर दिया, और मैं उसी पर विश्राम करता हूँ।” यदि तुम्हारा उद्धार होना है, तो तुम्हें योजनाओं और सिद्धान्तों को मान लेने से आगे बढ़कर प्रभु यीशु मसीह के ईश्वरीय व्यक्तित्व और उसके पूरे किए हुए काम पर विश्राम करने तक पहुँचना होगा। प्रिय पाठक, क्या तुम अभी मसीह को अपनाओगे?
यीशु सब परिश्रम करनेवालों और बोझ से दबे लोगों को अपने पास आने का निमन्त्रण देता है, और वह उन्हें विश्राम देगा। वह यह प्रतिज्ञा उनसे नहीं करता जो केवल उसके विषय में सपने देखते रहते हैं। उन्हें आना ही होगा; और उन्हें स्वयं उसी के पास आना होगा, न कि केवल कलीसिया के पास, बपतिस्मे के पास, या खरे मत के पास, या उसके ईश्वरीय व्यक्तित्व से कम किसी भी वस्तु के पास। जब जंगल में पीतल का साँप ऊँचे पर उठाया गया, तो लोगों को न मूसा की ओर देखना था, न मिलापवाले तम्बू की ओर, न बादल के खम्भे की ओर, परन्तु स्वयं उस पीतल के साँप की ओर। देखना ही पर्याप्त न था, जब तक वे ठीक वस्तु की ओर न देखें: और ठीक वस्तु भी पर्याप्त न थी, जब तक वे देखें नहीं। उनके लिये पीतल के साँप के विषय में जान लेना पर्याप्त न था; हर एक को स्वयं अपने लिये उसकी ओर देखना था। जब कोई मनुष्य बीमार होता है, तो हो सकता है कि उसे दवाओं का अच्छा ज्ञान हो, फिर भी यदि वह सचमुच चंगा करनेवाली दवा न पिए, तो वह मर सकता है। हमें यीशु को ग्रहण करना है; क्योंकि “जितनों ने उसे ग्रहण किया, उसने उन्हें परमेश्वर के सन्तान होने का अधिकार दिया।” दो शब्दों पर ज़ोर दो: हमें ग्रहण करना है उसी को, स्वयं उसी को; और हमें उसे सचमुच ग्रहण करना है। हमें द्वार पूरा खोल देना है, और मसीह यीशु को भीतर ले आना है; क्योंकि “मसीह जो महिमा की आशा है” वही “तुम में रहता है।” मसीह हमारे लिये कोई कल्पित कथा, कोई सपना, कोई छाया न हो, परन्तु एक वास्तविक मनुष्य, और सचमुच परमेश्वर हो; और उसे हमारा ग्रहण करना कोई ज़बरदस्ती का या दिखावटी स्वीकार न हो, परन्तु प्राण की हार्दिक और आनन्द-भरी हामी और सहमति हो कि वही हमारे उद्धार में सब कुछ और सब में हो। क्या हम अभी उसके पास न आएँगे, और उसे ही अपना एकमात्र भरोसा न बनाएँगे?
कबूतर के पीछे बाज़ पड़ा है, और उसे अपने उस अथक शत्रु से कहीं सुरक्षा नहीं मिलती। उसने सीख लिया है कि चट्टान की दरार में उसके लिये शरण है, और वह आनन्द-भरे पंखों से वहाँ जा पहुँचता है। एक बार अपनी शरण में पूरी तरह छिप जाने पर वह किसी शिकारी पक्षी से नहीं डरता। पर यदि वह चट्टान में न छिपता, तो उसका बैरी उसे दबोच लेता। यदि कबूतर चट्टान की दरार में प्रवेश न करे, तो चट्टान उसके किसी काम की नहीं। पूरा शरीर चट्टान में छिपा होना चाहिए। यदि दस हज़ार दूसरे पक्षियों को भी वहाँ गढ़ मिल गया हो, तो क्या? वह बात उस एक कबूतर को नहीं बचाएगी जिसका अभी बाज़ पीछा कर रहा है! उसे अपने को पूरा का पूरा उस शरण में डाल देना होगा, और अपने आश्रय के भीतर अपने को गाड़ देना होगा, नहीं तो उसका प्राण नाश करनेवाले के हाथ चला जाएगा।
विश्वास का यह कैसा चित्र है! यह यीशु में प्रवेश करना है, उसके घावों में छिप जाना है।
“युग-युग की चट्टान, मेरे लिये फटी, मुझको अपने में छिप जाने दे।”कबूतर दिखाई नहीं देता: केवल चट्टान दिखाई देती है। इसी प्रकार दोषी प्राण विश्वास के द्वारा यीशु की छिदी हुई पसली में झपटकर जा घुसता है, और उसमें ऐसा गड़ जाता है कि बदला लेनेवाला न्याय उसे देख नहीं पाता। पर शरण के लिये यीशु के पास यह व्यक्तिगत आना अवश्य होना चाहिए; और यही वह बात है जिसे बहुत से लोग दिन-प्रतिदिन टालते रहते हैं, यहाँ तक कि डर है कि उनके विषय में यही वचन पूरा होगा: “अपने पापों में मरोगे।” वह कैसा भयानक वचन है! यह वही है जो हमारे प्रभु ने अविश्वासी यहूदियों से कहा था; और वह इसी घड़ी हमसे भी यही कहता है: “यदि तुम विश्वास न करोगे कि मैं वही हूँ, तो अपने पापों में मरोगे।” यह सोचकर मन काँप उठता है कि इन पंक्तियों को पढ़नेवालों में से एक भी उस अभागी मण्डली में हो सकता है जो इस प्रकार नाश होगी। प्रभु अपने महान अनुग्रह से ऐसा न होने दे!
मैंने अभी उस दिन एक अनोखा चित्र देखा, जिसे मैं यीशु पर विश्वास के द्वारा उद्धार के मार्ग के दृष्टान्त के रूप में काम में लाऊँगा। एक अपराधी ने ऐसा अपराध किया था जिसके लिये उसे मरना ही था; पर यह पुराने समय की बात थी, जब गिरजाघर ऐसे शरण-स्थान माने जाते थे जिनमें अपराधी छिपकर मृत्यु से बच सकते थे। उस अपराधी को देखो! वह गिरजाघर की ओर दौड़ता है, पहरेदार नंगी तलवारें लिये, उसके लहू के प्यासे, उसका पीछा करते हैं! वे गिरजाघर के द्वार तक उसके पीछे चले आते हैं। वह सीढ़ियाँ चढ़ जाता है, और ठीक जब वे उसे पकड़कर गिरजाघर की दहलीज़ पर ही उसके टुकड़े-टुकड़े करने को होते हैं, तभी बिशप बाहर निकल आता है, और क्रूस ऊँचा उठाकर पुकारता है, “पीछे हटो, पीछे! परमेश्वर के भवन के आँगन को लहू से अशुद्ध मत करो! पीछे हट जाओ!” वे क्रूर सिपाही तुरन्त उस चिन्ह का आदर करते हैं, और लौट जाते हैं, और वह बेचारा भगोड़ा बिशप के वस्त्रों के पीछे छिप जाता है। मसीह के साथ भी ठीक ऐसा ही है। दोषी पापी सीधे यीशु के पास भाग आता है; और यद्यपि न्याय उसका पीछा करता है, तो भी मसीह अपने घायल हाथ ऊँचे उठाता है, और न्याय से पुकारकर कहता है, “पीछे हट! मैं इस पापी को शरण देता हूँ; अपने तम्बू के गुप्त स्थान में मैं उसे छिपाता हूँ; मैं उसे नाश न होने दूँगा, क्योंकि वह मुझ पर भरोसा रखता है।” हे पापी, मसीह के पास भाग आ! पर तुम उत्तर देते हो, “मैं बहुत ही अधम हूँ।” तुम जितने अधम हो, उतना ही अधिक तुम यह विश्वास करके उसका आदर करोगे कि वह तुम्हारी भी रक्षा कर सकता है। “पर मैं तो इतना बड़ा पापी हूँ।” तो जितना बड़ा पापी तुम हो, यदि तुममें उस पर भरोसा करने का विश्वास है, तो उसे उतना ही अधिक आदर मिलेगा। यदि तुम्हें कोई छोटी-सी बीमारी हो, और तुम अपने वैद्य से कहो—“महाशय, मुझे आपकी चंगा करने की निपुणता पर पूरा भरोसा है,” तो तुम्हारी इस बात में कोई बड़ी प्रशंसा नहीं। उँगली का दर्द, या कोई मामूली बीमारी तो कोई भी ठीक कर सकता है। पर यदि तुम बहुत-सी बीमारियों से एक साथ घिरकर बहुत बीमार हो, जो तुम्हें बुरी तरह सताती हैं, और तुम कहो—“महाशय, मैं आपसे अच्छा कोई वैद्य नहीं ढूँढ़ता; मैं आपके सिवा किसी और की सलाह न लूँगा; मैं आनन्द से अपने को आपके हाथों सौंपता हूँ;” तो तुमने उसका कैसा आदर किया है, कि जब तुम्हारा प्राण घोर और तात्कालिक संकट में है, तब तुम अपना जीवन उसके हाथों में सौंप सकते हो! मसीह के साथ भी ऐसा ही करो; अपना प्राण उसकी देख-रेख में सौंप दो: इसे सोच-समझकर, और बिना किसी सन्देह के करो। और सब आशाओं को छोड़ देने का साहस करो: सब कुछ यीशु पर दाँव पर लगा दो; मैं “दाँव” कहता हूँ, यद्यपि इसमें वास्तव में जोखिम जैसा कुछ भी नहीं, क्योंकि वह पूरी रीति से उद्धार करने में समर्थ है। अपने को सीधे-सीधे यीशु पर डाल दो; तुम्हारे प्राण में यीशु की ओर विश्वास के सिवा और कुछ न रहे; उसका विश्वास करो, और उस पर भरोसा रखो, और तुम अपने भरोसे के कारण कभी लज्जित न होगे। “जो कोई उस पर विश्वास करेगा, वह किसी रीति से लज्जित नहीं होगा” (1 पतरस 2:6)।